सहरसा। बनवारी शंकर महाविद्यालय, सिमराहा (सहरसा) के वरीय लिपिक श्यामदेव यादव के अवकाश ग्रहण के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में सादे लेकिन गरिमामय समारोह का आयोजन कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य प्रो० योगेंद्र कुमार की उपस्थिति में श्यामदेव यादव ने विधिवत रूप से अपना प्रभार लिपिक गोपाल कुमार को सौंपा।
समारोह को संबोधित करते हुए हिंदी विभाग के प्राध्यापक डॉ० अरविंद कुमार झा ने कहा कि अवकाश ग्रहण सेवा जीवन की एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, किंतु कर्मठ और कर्तव्यनिष्ठ कर्मियों की सेवाएँ लंबे समय तक स्मरणीय रहती हैं। उन्होंने कहा कि श्यामदेव यादव उर्फ मनोहर बाबू ने अपने संपूर्ण सेवा काल में निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ महाविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समाजशास्त्र विभाग के शिक्षक डॉ० गजेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि श्यामदेव यादव की पहचान उनकी समयपालन और कार्य के प्रति समर्पण से रही है। वे वर्षों से प्रतिदिन छाता और बैग लेकर समय पर महाविद्यालय पहुँचते रहे और बिना किसी भेदभाव के अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे। इस अनुदानित महाविद्यालय के लिए उनकी सेवाएँ अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी रही हैं।
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य प्रो० योगेंद्र कुमार ने श्यामदेव यादव को पाग एवं माला पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मी संस्थान की रीढ़ होते हैं और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
कार्यक्रम में प्रो० अंसार आलम, अनुज कुमार अमन, जयप्रकाश कुमार, उपेंद्र यादव, राजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने श्यामदेव यादव के स्वस्थ एवं सम्मानित भविष्य की कामना की।
0 Comments