अंतरराष्ट्रीय हिन्दी ओलंपियाड–2025 में सहरसा के विष्णु आनंद को राष्ट्रीय हिन्दी प्रतिभा सम्मान (स्वर्ण पदक)


पटना। हिन्दी विकास संस्थान, नई दिल्ली द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिन्दी ओलंपियाड–2025 में सहरसा (बिहार) के होनहार छात्र विष्णु आनंद ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए “राष्ट्रीय हिन्दी प्रतिभा सम्मान” (स्वर्ण पदक) प्राप्त कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है।

यह प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक पुरस्कार तीन मूर्ति भवन, प्रधानमंत्री संग्रहालय, नई दिल्ली के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान प्रदान किया गया। समारोह में डा० पाटिल प्रांजल (भाई), अतिरिक्त शिक्षा निदेशक, दिल्ली सरकार तथा श्री विनोद नारायण इंदूरकर, अध्यक्ष—सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार ने संयुक्त रूप से विष्णु आनंद को सम्मानित किया।

विष्णु आनंद वर्तमान में ओक ग्रोव स्कूल, मसूरी (उत्तराखंड) में कक्षा–03 के छात्र हैं। यह विद्यालय रेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित एक प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालय है, जहाँ नामांकन कठोर प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होता है। उल्लेखनीय है कि नॉन-रेलवे सामान्य श्रेणी से इस वर्ष मात्र 06 छात्र-छात्राओं (03 बालक एवं 03 बालिकाएँ) का चयन हुआ, जिनमें विष्णु आनंद भी शामिल हैं।

विष्णु आनंद की प्रारंभिक शिक्षा एस० एम० कार्मेल स्कूल, सहरसा से हुई, जहाँ उन्होंने नर्सरी से कक्षा तीन तक प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी मेधा का परिचय दिया।

वे रौता, सौरबाजार (सहरसा) निवासी हैं। उनके पिता दीपक कुमार पेशे से अधिवक्ता हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। उनके दादा रामचंद्र सिंह जिला स्कूल, सहरसा में अंग्रेजी के शिक्षक (सेवानिवृत्त) रहे हैं तथा नाना सुधीर सिंह आर०पी०एम० कॉलेज, मधेपुरा में राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक रह चुके हैं।

विष्णु आनंद की इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Post a Comment

0 Comments