सहरसा। जिले के कुल 1391 मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा। दो-तीन मतदान केंद्रों पर मतदान के बहिष्कार का प्रयास किया गया लेकिन जिला प्रशासन एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें समझा-बुझा लिया गया। सहरसा के प्रमंडलीय आयुक्त नीलम चौधरी ने भी कई मतदान केंद्रों का मुआयना किया। सहरसा के जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी वैभव चौधरी ने सहरसा विधानसभा के मतदान केंद्र संख्या 62 एवं 63, महिषी विधानसभा के फेकराही मतदान केंद्र संख्या 98, सोनबरसा विधानसभा के मतदान केंद्र संख्या 209 एवं 2010 ,सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा मतदान केंद्र संख्या 167 एवं 168 सहित कई मतदान केंद्रों का मुआयना किया। सहरसा के विधायक डॉ० आलोक रंजन ने कहरा के मतदान केन्द्र संख्या 26 पर मतदान किया। निवर्तमान सांसद दिनेश चंद्र यादव ने अपने गांव के मतदान केंद्र संख्या 297 पर मतदान किया। नवहट्टा के मतदान केंद्र पर मतदाताओं ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रवाद के मुद्दे पर मतदान किया। मध्य विद्यालय गंगजला पर प्रभा देवी (क्रमांक 277) मतदान करने गई तो उनका मत पहले गिर चुका था। मुरबल्ला में कुछ अनपढ़ महिलाएं ईभीएम में फूल छाप खोज रही थी। उल्लेखनीय है कि यहां से जदयू के प्रत्याशी हैं। वहीं फेसबुक पर राजद का मत अधिक होने का ट्रेंड चल रहा था। मधेपुरा लोकसभा के तीन एवं खगड़िया लोकसभा के एक सिमरी बख्तियारपुर विधान सभा में मौसम के अच्छा रहने के कारण मतदान का प्रतिशत बेहतर रहा। दोपहर 1:00 बजे तक जिले में लगभग 40% मतदान हो चुका था। जबकि 3:00 बजे सोनबरसा विधानसभा में 47.88% सहरसा विधानसभा में 46.5% महिषी विधानसभा में 46.32% यानी औसतन 46.32% मतदान हुआ। समाचार लिखे जाने तक बूथ कैपचरिंग या अन्य प्रकार की अप्रिय घटनाओं की कोई सूचना नहीं है।
उल्लेखनीय है कि मधेपुरा लोकसभा में जदयू के प्रत्याशी दिनेश चंद्र यादव एवं राजद के प्रत्याशी प्रो० चंद्रदीप यादव के बीच कांटे का मुकाबला है। इनके अलावा अन्य छ: प्रत्याशी भी मैदान में है। आज सभी प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया है। देखना है 04 जून को मत का संख्याबल किसके पक्ष में आता है।

0 Comments