सुपौल। जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण तथा स्थायी लोक अदालत के क्षेत्राधिकार एवं कार्यप्रणाली की जानकारी देने के उद्देश्य से स्थानीय मीडिएशन सेंटर में एक जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष संजय कुमार झा (पूर्व अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश) ने की, जबकि संयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मो. अफजल आलम ने किया।
कार्यक्रम का विषय-प्रवेश कराते हुए स्थायी लोक अदालत के सदस्य डॉ. अरबिन्द कुमार झा ने कहा कि स्थायी लोक अदालत जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों का निस्तारण न्यायालय में वाद दायर होने से पूर्व आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर करती है। उन्होंने कहा कि जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों से पीड़ित कोई भी व्यक्ति स्थायी लोक अदालत में आवेदन देकर त्वरित एवं सुलभ न्याय प्राप्त कर सकता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मो. अफजल आलम ने स्थायी लोक अदालत के क्षेत्राधिकार की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि परिवहन, डाक एवं दूरसंचार, विद्युत, जलापूर्ति, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता एवं सफाई, अस्पताल एवं औषधालय, बैंकिंग तथा बीमा सेवाओं से संबंधित विवादों का निस्तारण स्थायी लोक अदालत द्वारा किया जाता है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य लोगों को सरल, सस्ता एवं शीघ्र न्याय उपलब्ध कराना है।
अध्यक्षीय संबोधन में स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि आवेदन प्राप्त होने के बाद सबसे पहले पक्षकारों के बीच आपसी संवाद और सुलह-समझौते का हरसंभव प्रयास किया जाता है। समझौता होने पर स्थायी लोक अदालत द्वारा पारित अवार्ड दोनों पक्षों पर विधिक रूप से बाध्यकारी होता है। यदि समझौता संभव नहीं हो पाता, तो लोक अदालत विवाद के गुण-दोष के आधार पर निर्णय देती है। उन्होंने बताया कि स्थायी लोक अदालत के अवार्ड के विरुद्ध सामान्यतः अपील का प्रावधान नहीं है, जिससे विवादों का शीघ्र एवं अंतिम समाधान सुनिश्चित होता है।
उन्होंने पारा विधिक स्वयंसेवकों से समाज में स्थायी लोक अदालत के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने तथा छोटे-छोटे विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे न्यायालयों में लंबित मुकदमों का बोझ कम होगा और लोगों को समयबद्ध न्याय मिल सकेगा।
कार्यशाला में स्थायी लोक अदालत के सदस्य लक्ष्मण कुमार सहित पारा विधिक स्वयंसेवक मेदनीकांत झा, लालमोहन मुखिया, मणिकांत चौधरी, राहुल कुमार, मुकेश कुमार, मो. सज्जाद, भूपाल सिंह, रंजीत कुमार सुतिहार, पंकज कुमार, सीमा कुमारी, वंदना कुमारी, मो. मोअज्जम, मनीषा कुमारी, पूजा कुमारी सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित थे।
0 Comments