मधेपुरा। जिले में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था की वर्तमान स्थिति को लेकर जानकारी दी गई। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि मधेपुरा जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता मांग की तुलना में पर्याप्त एवं संतोषजनक है। वर्तमान में जिले में कुल 4,04,080 उपभोक्ता हैं, जिनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 2,78,661 तथा गैर-उज्ज्वला श्रेणी के शेष उपभोक्ता शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि दिनांक 18 मार्च 2026 को जिले में कुल 15,882 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। आज 4,790 सिलेंडरों की आपूर्ति प्राप्त हुई है, जबकि 17 मार्च 2026 को मात्र 3,460 सिलेंडरों की बिक्री हुई। इससे स्पष्ट है कि जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता मांग से अधिक बनी हुई है। साथ ही, वाणिज्यिक (कमर्शियल) गैस सिलेंडरों की उपलब्धता भी मांग के अनुरूप सुनिश्चित है।जिला प्रशासन द्वारा आम उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। उपभोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार गैस बुकिंग कर नियमित रूप से आपूर्ति प्राप्त करें। प्राप्त शिकायतों एवं स्थिति की समीक्षा के मद्देनजर जिला पदाधिकारी, मधेपुरा अभिषेक रंजन द्वारा मुरलीगंज, सिंहेश्वर सहित विभिन्न प्रखंडों में स्थित एलपीजी गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी गैस एजेंसियों को जिला प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments