सहरसा जिले में रसोई गैस की निर्वाध आपूर्ति -- जिला जनसंपर्क पदाधिकारी

सहरसा। मध्य पूर्व एशिया में उत्पन्न वर्तमान संकट के कारण उत्पन्न वैश्विक चुनौतियों के बावजूद, भारत सरकार और जिला प्रशासन सहरसा जिले के उपभोक्ताओं को रसोई गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन गैस आपूर्ति श्रृंखला की निरंतर निगरानी कर रहा है ताकि किसी भी परिवार को कठिनाई का सामना न करना पड़े।

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि जिले में कार्यरत तीनों प्रमुख ऑयल मार्केटिंग कंपनियों- इण्डेन, भारतगैस और एचपी गैस से प्राप्त नवीनतम आंकड़ों के अनुसार आपूर्ति की स्थिति निम्नलिखित है। इण्डेन के जिले में कुल 17 वितरक कार्यरत हैं। वर्तमान में कुल लंबित रिफिल बुकिंग 9,666 है। हालांकि, औसतन 2,276 सिलेंडर प्रतिदिन की डिलीवरी दर के साथ, अधिकांश वितरकों के पास औसतन 4.25 दिनों का बैकलॉग है, जिसे जल्द ही सामान्य कर लिया जाएगा। वर्तमान में वितरकों के पास 5,160 सिलेंडर का ओपनिंग स्टॉक उपलब्ध है। वहीं एचपी गैस के जिले के प्रमुख वितरकों के पास कुल 7,186 पेंडिंग बुकिंग्स हैं। आपूर्ति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। भारतगैस के 10 प्रमुख वितरकों के पास मात्र 2,610 बुकिंग्स लंबित हैं, जो स्थिति के काफी हद तक सामान्य होने का संकेत है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, गैस की कृत्रिम किल्लत पैदा करने वाले और कालाबाजारी में संलिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) की नीति अपनाई जा रही है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारियों के नेतृत्व में विभिन्न गैस एजेंसियों और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी करते पकड़े जाने पर संबंधित वितरक या व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ता किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही घबराहट में अतिरिक्त बुकिंग करें। जिला प्रशासन यह स्पष्ट करता है कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक और आपूर्ति पाइपलाइन में है। किसी भी शिकायत के लिए उपभोक्ता जिला आपूर्ति कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments