सहरसा: जिला पदाधिकारी द्वारा आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में तीनों तेल कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधक, दंडाधिकारी, गैस एजेंसी संचालक एवं अनुमंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान मेसर्स आशा भारत गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली में गंभीर लापरवाही पाई गई। एजेंसी के पास पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद बड़ी संख्या में बुकिंग लंबित मिली। इस पर जिला पदाधिकारी ने एजेंसी संचालक से स्पष्टीकरण मांगा है और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक होम डिलीवरी की व्यवस्था पूर्ववत जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक कुमार के अनुसार, वर्तमान में इंडेन गैस की कुल 8950 और भारत गैस की 2699 बुकिंग लंबित हैं। इंडेन का औसत बैकलॉग 3.8 दिन और भारत गैस का लगभग 2 दिन है।
आंकड़ों के अनुसार, अरुणित इंडेन गैस एजेंसी में सबसे अधिक 2097 बुकिंग लंबित हैं, जबकि शहीद रमन इंडेन में 2025 बुकिंग पेंडिंग हैं। वहीं, शिवास्था इंडेन में बैकलॉग सबसे अधिक 6.3 दिन का है।
जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना है। सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे लंबित ऑर्डर्स का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें और स्टॉक का पारदर्शी प्रबंधन बनाए रखें।
0 Comments