एम एल टी कॉलेज के हिंदी विभाग के सत्र 2022-24 के छात्रों का विदाई समारोह....


सहरसा। एम एल टी कॉलेज के हिंदी विभाग के सत्र 2022-24 के छात्रों का विदाई समारोह महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ० पवन कुमार के अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने चतुर्थ सेमेस्टर की आगामी परीक्षा के लिए छात्रों को शुभकामनाएं दी और उन्हें महाविद्यालय की शिक्षा के उपरांत राष्ट्र के सजग नागरिक के रूप में स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा इस राष्ट्र की प्रमुख शक्ति हैं। उनके प्रयास के बल पर ही भारत विश्व में अपना प्रमुख स्थान ग्रहण कर सकता है। चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं द्वारा इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हिंदी कवि सूर्यकांत त्रिपाठी निराला रचित गीत ‘भारती जय विजय करे’ के गायन से हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ० उदय कुमार ने छात्रों के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ० लाला प्रवीण कुमार सिन्हा ने विगत दो वर्षों के दौरान समय-समय पर छात्रों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सेमिनार एवं पेपर आदि का जिक्र करते हुए उन्हें भविष्य में नेट, जेआरएफ, पी-एच० डी० और अन्य प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिए खुद को तैयार करने का संदेश दिया। डॉ० मयंक भार्गव ने छात्र-छात्राओं को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी और आज के बाद भी उन्हें विभाग के संपर्क में रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के बीच में छात्रों द्वारा गीत संगीत की अनेकों मनोहारी प्रस्तुति दी गई। कई छात्रों ने अपने उद्बोधन में संपूर्ण महाविद्यालय और हिंदी विभाग के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की। इस अवसर पर महाविद्यालय के कई शिक्षक, शिक्षकेत्तरकर्मी एवं छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments