सहरसा। जिलाधिकारी दीपेश कुमार द्वारा 17 अप्रैल से शुरू हो रहे भारत की डिजिटल जनगणना की शुरुआत को लेकर मीडिया प्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सहरसा द्वारा जिले के सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे भारत की जनगणना 2027 के तहत निर्धारित अवधि 17 अप्रैल से 01 मई के बीच स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें एवं राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है। जिसके माध्यम से सरकार को जनसंख्या, शिक्षा, रोजगार, आवास एवं अन्य सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित सटीक जानकारी प्राप्त होती है। यह आंकड़े भविष्य की योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में अत्यंत सहायक होते हैं। जिला प्रशासन स्पष्ट करना चाहता है कि स्व-गणना के लिए किसी प्रकार के दस्तावेज आधार, पासपोर्ट, रेंट एग्रीमेंट आदि दिखाने की आवश्यकता नहीं है। यह प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित एवं गोपनीय है। किसी भी प्रकार की जानकारी अन्य विभागों के साथ साझा नहीं की जाएगी। स्वगणना केवल अधिकृत वेबसाइट se.census.gov.in के माध्यम से ही की जानी है। इस प्रक्रिया में साइबर कैफे से स्व-गणना की अनुमति नहीं है।
वहीं प्रवासी मजदूर एवं किराएदार व्यक्ति अपने वर्तमान कार्यस्थल,निवास स्थान से ही गणना करें। जिलाधिकारी ने आमजनों से अपील करते हुए कहा है कि जनगणना में दी गई आपकी सही एवं पूर्ण जानकारी ही जिले और राज्य के विकास की आधारशिला बनेगी। इसलिए सभी नागरिक इस अभियान को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए समय पर स्व-गणना अवश्य करें तथा अपने परिवार, पड़ोसियों एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। इसके अतिरिक्त, किसी भी प्रकार की शंका या समस्या के समाधान हेतु संबंधित प्रखंड,नगर निकाय कार्यालय अथवा जनगणना कर्मियों से संपर्क किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रथम चरण की शुरुआत 17 अप्रैल से की जा रही है। इसके अंतर्गत आप अपना स्वगणना करें इसमें 33 प्रश्न का सही उत्तर देना है। गलत उत्तर नहीं देना है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह गणना पिछले गणना से भिन्न मानी जा रही है क्योंकि इस बार जनगणना का शत प्रतिशत डिजिटिलाइजेशन किया जा रहा है। जो अत्यंत गोपनीय रहेगा। इसलिए घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि 2 मई से 31 मई तक प्रगणक आपके घर-घर जाएंगे। उन्हें वह अपना आईडी नंबर देकर जनगणना में सहयोग करें। इस मौके पर डीडीसी गौरव कुमार,एडीएम निशांत, सदर एसडीओ श्रीयांश तिवारी, पंचायती राज पदाधिकारी सुनैना कुमारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
0 Comments